जस्टिन ट्रूडो ने लगभग 10 साल तक पद पर रहने के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। अपनी पार्टी के भीतर आंतरिक संघर्ष और घटते जन समर्थन का हवाला देते हुए, ट्रूडो ने सोमवार को घोषणा की, कि वह पद छोड़ देंगे लेकिन नए नेता के चुने जाने तक अपने पद पर बने रहेंगे।
इस्तीफा देते वक्त जस्टिन ट्रूडो ने कहा, कि “मैं आसानी से किसी लड़ाई से पीछे नहीं हटता, खासकर जब यह हमारी पार्टी और हमारे देश के लिए इतनी महत्वपूर्ण हो। लेकिन मेरी प्राथमिकता कनाडाई लोगों की भलाई और हमारे लोकतंत्र का स्वास्थ्य है।”
जस्टिन ट्रूडो के बाद कौन होगा कनाडा का प्रधानमंत्री?
ट्रूडो की जगह लेने की रेस पहले से ही जोर पकड़ रही है, जिसमें कई प्रमुख नाम सामने आ रहे हैं। इनमें परिवहन मंत्री अनीता आनंद, पियरे पोलीवरे, क्रिस्टिया फ्रीलैंड और मार्क कार्नी के साथ प्रमुख दावेदार बन गई हैं।
57 साल की अनीता आनंद एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और वकील हैं, जिन्होंने 2019 में कनाडा की राजनीति में प्रवेश किया था। अनीता आनंद ओंटारियों के ओकविले से सांसद हैं और अब लिबरल पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं। उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में कनाडा के लिए COVID-19 वैक्सीन खरीदने के लिए की गई उनकी कोशिशें हैं। इसके अलावा, रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान यूक्रेन का जोरदार तरीके से समर्थन किया था।
अनीता आनंद
अनीता आनंद के माता-पिता डॉक्टर हैं और उनका जन्म नोवा स्कोटिया में हुआ था। उनके पास कई डिग्रियां हैं, जिनमें डलहौजी विश्वविद्यालय और टोरंटो विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री शामिल हैं। अपने राजनीतिक करियर से पहले, उन्होंने येल और टोरंटो विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों में कानून पढ़ाया। अलग-अलग कैबिनेट भूमिकाओं में फेरबदल किए जाने के बावजूद, आनंद पार्टी के भीतर एक मजबूत और महत्वाकांक्षी व्यक्ति बनी हुई हैं।

