फगवाड़ा: शहर में तैनात एसपी माधवी शर्मा के सरकारी आवास पर कथित चोरी का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने घर में ड्यूटी करने वाली एक होमगार्ड महिला कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी पलविंदर सिंह ने की है।
पुलिस को दी शिकायत में एसपी माधवी शर्मा की माता संतोष कुमारी ने बताया कि उनके घर में लंबे समय से होमगार्ड महिला कर्मी मनजीत कौर की ड्यूटी लगी हुई थी। वह रोजाना निर्धारित समय के अनुसार घर पर अपनी सेवाएं देती थी, जिसके चलते परिवार का उस पर भरोसा भी था।
शिकायत के अनुसार, जब घर में रखे सामान की जांच की गई तो नकदी और सोने-हीरे के कई आभूषण गायब पाए गए। इसमें 20 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठियां, टॉप्स, डायमंड पेंडेंट तथा 200 कैनेडियन डॉलर शामिल बताए गए हैं।
परिवार की ओर से संदेह जताए जाने के बाद संबंधित महिला कर्मी से पूछताछ की गई, लेकिन उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

