कराची: पाकिस्तान के कराची तट के पास एक कार्गो विमान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। विमान में पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। अधिकारियों के अनुसार, विमान ने उड़ान के दौरान नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी थी, जिसके कुछ ही मिनट बाद उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान रडार से भी गायब हो गया।
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) के मुताबिक, निजी एयरलाइन K2 Airways का बोइंग 737 कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा था। स्थानीय समयानुसार रात करीब 9:18 बजे पायलट ने नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी की जानकारी दी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को सुरक्षित मार्गदर्शन देने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया।
प्रारंभिक फ्लाइट डेटा के अनुसार, संपर्क टूटने से पहले विमान की ऊंचाई में अचानक तेज बदलाव दर्ज किया गया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे आया और अरब सागर के ऊपर रडार से गायब हो गया। अधिकारियों को आशंका है कि विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद पाकिस्तान ने व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। नौसेना, वायुसेना और अन्य सरकारी एजेंसियों को अभियान में लगाया गया है। समुद्र में युद्धपोत, निगरानी विमान और अन्य संसाधनों की मदद से विमान और उसमें सवार चालक दल की तलाश की जा रही है।
एयरलाइन ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। साथ ही विमान में सवार सभी पांच कर्मचारियों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद जताई गई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

