श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पांच दिनों तक चले संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक आतंकी को मार गिराया गया। फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके।
जानकारी के अनुसार, मेमंदर क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई बार आतंकियों और जवानों के बीच गोलीबारी भी हुई।बुधवार को अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, उसकी पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ऑपरेशन अभी समाप्त नहीं हुआ है और पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में कोई अन्य आतंकी छिपा न हो।जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी संयुक्त अभियान की पुष्टि करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

